गुमला पुलिस ने करीब 22 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.93 लाख रुपए कैश के साथ युवक-युवती को किया गिरफ्तार…
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर गुमला शहर के लक्ष्मण नगर में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।इन तस्करों के पास से 21.75 ग्राम ब्राउन शुगर, 9 मोबाइल फोन, ₹1,93,290 नगद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद की गई है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में की गई।विशेष छापामारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक महेंद्र कुमार करमाली, एएसआइ विकास कपूर और पुलिस जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान टीम ने रोहित सिंह (22 वर्ष) और राखी कुमारी (20 वर्ष) को ब्राउन शुगर बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि रोहित की गिरफ्तारी के बाद, पुलिस की टीम उसे लेकर अर्पित कुमार के लक्ष्मण नगर स्थित घर पहुंची और घेराबंदी की। घर पर मौजूद राखी कुमारी (पिता स्व० पप्पू साहू) से पूछताछ की गई। नियमानुसार तलाशी लेने पर घर के एक कमरे से पारदर्शी प्लास्टिक में रखी ब्राउन शुगर और अलग से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। इनका कुल वजन 15 ग्राम और 4.75 ग्राम (पुड़ियों सहित) था, जिससे कुल बरामदगी 21.75 ग्राम हो गई।तलाशी के दौरान घर से 9 मोबाइल फोन, एक सिल्वर रंग की वजन मशीन और छज्जे के ऊपर एक पीले रंग के झोले से कुल 1,93,290 रुपए नगद भी बरामद हुए। राखी कुमारी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने भाई अर्पित कुमार के साथ मिलकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को ब्राउन शुगर बेचती है। जो छात्र पैसे नहीं दे पाते थे, उनके मोबाइल फोन बंधक के रूप में रख लिए जाते थे।राखी कुमारी ने बताया कि उसका भाई अर्पित कुमार इस समय ब्राउन शुगर बेचने के लिए बाहर गया हुआ है। पुलिस ने राखी कुमारी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गुमला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।बरामद सामग्री को जब्त कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रसारित कर दिया गया है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर किसी को नशे के अवैध कारोबार की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।

