Ranchi:पुलिस की वर्दी उतरवाने की धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक हुआ फरार–

–गश्ती के दौरान मारपीट छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम से बदसलूकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज

राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी देना युवकों को भारी पड़ गया। मारपीट की घटना में हस्तक्षेप करने पहुंची पुलिस टीम से बदसलूकी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया,जबकि एक आरोपी फरार हो गया।घटना 23 मई की है, जब टाइगर मोबाइल के सअनि सुनील कुजूर और आरक्षी शिव प्रकाश नियमित गश्ती पर निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे प्रभात तारा मैदान के पास दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि तीन युवक एक लड़के को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे हैं।

पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित युवक को बचाने की कोशिश की और उसे छुड़ा लिया।इसी दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से उलझते हुए उनकी वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी दी।साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज भी की।मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पीसीआर और अन्य बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों शुभम कुमार (18) और अभिषेक चौहान (20) को पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

error: Content is protected !!