जामताड़ा में बहन के घर से चल रहा था देशभर में ठगी का नेटवर्क, जीजा-साला समेत 5 गिरफ्तार
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा साइबर थाने की पुलिस ने छापेमारी के दौरान जीजा-साला समेत पांच साइबर अपराधियों को साइबर ठगी करते रंगेहाथों दबोचा है।पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के रहने वाले शातिर ने साइबर ठगी के लिए अपनी बहन के घर को ठिकाना बना रखा था। पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर विष्णु मंडल करमाटांड़ के मटटांड़ गांव का रहने वाला है, जबकि सचिन मंडल इसी थाना क्षेत्र के कासीटांड़ का रहने वाला है।वहीं पुलिस की गिरफ्त में आया सागर नायक नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांसपहाड़ी, किशोर दास लोकनियां और विश्वजीत दास अमरावती कैंप कालोनी दुर्गापुर टाउनशिप, पश्चित बंगाल के पश्चिम बर्दमान का रहने वाला है।
विश्वजीत दास नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां में अपने जीजा के घर रहकर साइबर ठगी कर रहा था। इस बात की जानकारी रविवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने दी।एसपी ने बताया कि विभागीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान आरोपितों को नारायणपुर व करमाटांड़ थाना क्षेत्र के उनके गांवों से दबोचा गया।एसपी ने बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल की अगुवाई में छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से 15 मोबाइल, 14 फर्जी आईडी पर खरीदे गए सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो महंगे लैपटाप व 50 हजार कैश बरामद हुए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उन्हें जेले भेज दिया गया है।पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि ये शातिर कई बैंकों के खाताधारकों को उनके डेबिट व क्रेडिट कार्ड बंद होने और बकाया बिजली भुगतान करने के नाम पर झांसे में लेते थे।जो भी व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता था ये शातिर उनके बैंक डिटेल्स हासिल कर उन्हें ठगी का शिकार बना रहा था।
इनके पास से जब्त मोबाइल की जांच पुलिस विभाग की टेक्निकल सेल कर रही है ताकि इनके द्वारा अबतक कितने लोगों को ठगी शिकार बनाया जा चुका है इस बात का पता चल सके।पुलिस की जांच में बता चला है कि सागर नायक के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाने में इससे पहले भी ठगी का मामला दर्ज किया जा चुका है और वह इस मामले में जेल की सजा भी काट चुका है।जबकि दूसरा शातिर किशोर दास भी इससे पहले साइबर ठगी के मामले में जेल की हवा खा चुका है। इन शातिरों ने देश के कई राज्य के लोगों को अबतक ठगी का शिकार बनाया है

