कुख्यात सोना चोर हसन चिकना पर कसा शिकंजा, बड़हरवा स्टेशन से गिरफ्तार

 

साहिबगंज। राँची से कथित तौर पर चोरी के सोने की डिलीवरी कर लौट रहे अंतरराज्यीय सोना चोर गिरोह के कथित सरगना हसन चिकना को पश्चिम बंगाल पुलिस ने साहिबगंज के बड़हरवा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उत्तर दिनाजपुर जिले की ईटाहार पुलिस ने बड़हरवा जीआरपी के सहयोग से यह कार्रवाई की।पुलिस को पहले से सूचना थी कि हसन चिकना राँची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस से बड़हरवा पहुंचने वाला है। इसके बाद इंस्पेक्टर अभिषेक साह के नेतृत्व में करीब दो दर्जन पुलिस पदाधिकारियों की टीम सादे लिबास में स्टेशन पर तैनात हो गई।ट्रेन से उतरते ही हसन को पुलिस की भनक लग गई। वह अचानक तेजी से भागने लगा, लेकिन पहले से घेराबंदी कर चुकी पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

5 से 7 किलो सोना बरामद होने की सूचना

पुलिस सूत्रों के अनुसार हसन चिकना के पास से करीब 5 से 7 किलो सोना बरामद होने की सूचना है। हालांकि, बरामद सोने की मात्रा और अन्य विवरण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।गिरफ्तारी के बाद हसन को बड़हरवा जीआरपी थाना लाया गया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उत्तर दिनाजपुर पुलिस उसे अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।

ईटाहार थाने में दर्ज है मामला

बड़हरवा जीआरपी के अनुसार उत्तर दिनाजपुर जिले के ईटाहार थाना कांड संख्या 339/26 में हसन चिकना वांछित था। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस बड़हरवा पहुंची थी।बताया जाता है कि हसन चिकना साहिबगंज के राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया मुर्गी टोला का रहने वाला है और बड़हरवा के मधुआपाड़ा में भी रहता था।

बोकारो में 72 लॉकर तोड़कर करोड़ों की चोरी का भी आरोप

हसन चिकना पर पहले भी बड़े बैंक चोरी कांडों में शामिल होने का आरोप रहा है। 25-26 दिसंबर 2017 की रात बोकारो के एसबीआई एडीएस बिल्डिंग शाखा में 72 लॉकर तोड़कर करीब 11 करोड़ रुपये नकद, 14 किलो सोना और 40 किलो चांदी चोरी किए जाने के मामले में उसका नाम सामने आया था। पुलिस ने 2018 में उसे मुंबई से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा प्रयागराज के यूको बैंक में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में भी उसके शामिल होने की बात सामने आई थी।

बड़हरवा जीआरपी के इंस्पेक्टर अभिषेक प्रसाद के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस ने हसन के वनांचल एक्सप्रेस से आने की सूचना देकर सहयोग मांगा था, जिसके बाद जीआरपी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

error: Content is protected !!