रफ्तार का कहर… मरीन ड्राइव पर ट्रेलर में समा गई तेज रफ्तार कार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की दर्दनाक मौत…
जमशेदपुर। शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार पहले से सड़क पर खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे पूरी तरह समा गया और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में झारखण्ड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी भी शामिल बताई गई हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसमें फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कार के मलबे को काटकर काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
सड़क पर खराब खड़ा था ट्रेलर
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार पीछे से आकर ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला।घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर मृतकों के शवों को बाहर निकाला।
चार लोगों की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे में मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।
मंत्री की बेटी की मौत की सूचना से शोक
हादसे में झारखण्ड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की मौत की सूचना सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं।पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत की खबर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं।मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने भी गहरा दुःख जताया है

