राँची में आधे घंटे में चेन स्नैचिंग की दो वारदात, जिमखाना क्लब से मोरहाबादी तक बाइकर्स का आतंक;पुलिस खंगाल रही CCTV

 

राँची।राजधानी राँची में मंगलवार की शाम झपटमारों ने करीब आधे घंटे के अंतराल में चेन स्नैचिंग की दो वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। पहली घटना शाम करीब 7:20 बजे जिमखाना क्लब गेट के पास हुई, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एमईएस की सीनियर प्रशासनिक सहायक के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया। इसके करीब 25 मिनट बाद 7:45 बजे मोरहाबादी के बापू वाटिका के पास स्पोर्ट्स बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से पत्नी-बच्चे के साथ घर लौट रहे व्यक्ति के गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन छीन ली। दोनों घटनाओं के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस अब दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान में जुटी है।

पहली वारदात: जिमखाना क्लब गेट के पास महिला को बनाया निशाना

मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे एमईएस की सीनियर प्रशासनिक सहायक रीया मिश्रा जिमखाना क्लब गेट के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट खींच लिया। वारदात के बाद दोनों बाइकर्स खेलगांव चौक की ओर तेजी से भाग निकले।

शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण पीड़िता बाइक का नंबर और आरोपियों का चेहरा स्पष्ट रूप से नहीं देख सकीं। हालांकि, उनके मुताबिक बाइक पर पीछे बैठा युवक काले रंग की टी-शर्ट पहने था। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात: बापू वाटिका के पास स्कूटी सवार से 20 ग्राम की चेन झपटी

पहली घटना के करीब आधे घंटे के भीतर ही दूसरी वारदात मोरहाबादी इलाके में हो गई। शाम करीब 7:45 बजे कुसुम विहार निवासी विशाल (42) पत्नी और बेटे के साथ हनुमान मंदिर में पूजा कर स्कूटी से घर लौट रहे थे।

बताया गया कि बापू वाटिका से कुछ दूरी आगे पीछे से तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने चलती स्कूटी पर विशाल के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। चेन छीनने के बाद दोनों अपराधी मोरहाबादी सब्जी बाजार की ओर भाग निकले।

पीड़ित ने बाइकर्स का पीछा किया, लेकिन अंधेरे में भाग निकले

चेन छिनने के बाद विशाल ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी स्कूटी से बाइक सवारों का पीछा भी किया। लेकिन बदमाश संकरी गलियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद रात करीब 8:30 बजे उन्होंने रास्ते में मिली पुलिस पीसीआर वैन को रोककर घटना की जानकारी दी। बाद में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दोनों वारदातों में बाइक सवार दो युवक, CCTV से खुलेगा राज

आधे घंटे के अंतराल में हुई दोनों चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दोनों मामलों में बाइक पर दो युवकों के सवार होने की बात सामने आई है। सदर और लालपुर पुलिस अब घटनास्थल और संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग अपराधियों ने घटनाओं को अंजाम दिया।

error: Content is protected !!