शादी करो वरना रेप केस में फंसा दूंगी…17 साल के छात्र से जबरन फेरे कराने का आरोप, FIR दर्ज

 

राँची।सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और प्यार के जाल में फंसाकर 17 साल के नाबालिग छात्र से 20 साल की युवती द्वारा जबरन शादी रचाने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित छात्र को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) पलामू के समक्ष पेश किया गया। छात्र ने सीडब्ल्यूसी सदस्य पंकज कुमार पांडेय के समक्ष दिए अपने लिखित व स्वहस्ताक्षरित बयान में आरोप लगाया है कि उसे रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पहले उदयपुर में बंधक जैसा रखा गया, फिर केरल घुमाकर बुंडू के सूर्य मंदिर में जबरन शादी करा दी गई।डालटनगंज के नावाहाता निवासी 17 वर्षीय नाबालिग राजस्थान के उदयपुर स्थित विद्या भवन पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।वह उदयपुर के साइफन सर्कल, बड़गांव रोड स्थित एक कॉम्प्लेक्स में किराए पर रहता था।

मौसी के गांव की युवती से इंस्टाग्राम पर हुआ था संपर्क

छात्र ने अपने बयान में बताया कि पांडवा थाना क्षेत्र के लोहड़ी की 20 वर्षीया आरोपी युवती से उसकी जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी।युवती के गांव में छात्र की मौसी का घर होने के कारण दोनों में बातचीत बढ़ी। छात्र का आरोप है कि युवती ने उसे सुनियोजित तरीके से अपने प्रेम जाल में फंसाया और घर बुलाकर परिजनों से मेलजोल बढ़ाया।

उदयपुर रूम पर पहुंची, 10 दिन रही और सिम बदलवाया

बयान के मुताबिक, 22 जून 2026 को आरोपी युवती ने अचानक छात्र के उदयपुर स्थित कमरे पर पहुंच गई।छात्र के मना करने के बावजूद वह कमरे पर रुकी और लगातार 10 दिनों तक वहां रहकर शारीरिक संबंध बनाए।इस दौरान युवती ने छात्र का मोबाइल सिम कार्ड ले लिया और अपना सिम उसे थमा दिया ताकि वह अपने माता-पिता से संपर्क न कर सके। विरोध करने पर युवती और उसकी मां ने धमकी दी कि यदि घर वालों से संपर्क किया तो उसे ‘रेप के झूठे केस’ में जेल भिजवा दिया जाएगा।

डालटनगंज उतरने से रोका, केरल से राँची लाकर बुंडू में मारपीट कर शादी

30 जून 2026 को परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र 2 जुलाई को शालीमार-गोरखपुर/अंतरागाछी रूट की ट्रेन से डालटनगंज लौटने के लिए निकला।लेकिन युवती, उसकी मां और मामा ने धमकी देकर उसे डालटनगंज में उतरने से रोक दिया और सीधे राँची बुला लिया।राँची स्टेशन पर आरोपी युवती पहले से मौजूद थी, जहां से वह छात्र को ट्रेन से सीधे केरल ले गई।कुछ दिन केरल में रखने के बाद वे वापस राँची लौटे।11 जुलाई 2026 की दोपहर को राँची के बुंडू स्थित सूर्य मंदिर में युवती की मां, मामा और अन्य तीन लोगों ने मिलकर छात्र के साथ मारपीट की और जबरन दोनों की शादी करा दी।शादी के बाद एक स्थानीय होटल में रुके और फिर 13 जुलाई को परिजन दोनों को लेकर पांडवा थाने पहुंचे।

सीडब्ल्यूसी ने बाल गृह भेजा, छात्र बोला- मुझे पढ़ाई जारी रखनी है

पांडवा थाना पुलिस ने लड़के के नाबालिग होने के कारण उसे उसी दिन सीडब्ल्यूसी पलामू के समक्ष पेश किया।सीडब्ल्यूसी में काउंसलिंग के बाद समिति के आदेश से छात्र को फिलहाल वात्सल्यधाम बालगृह, डालटनगंज में सुरक्षित रखा गया है। छात्र ने बाल कल्याण समिति के समक्ष गुहार लगाई है कि वह इस जबरन थोपे गए रिश्ते से मुक्त होकर अपने घर लौटना चाहता है और अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करना चाहता है।सीडब्ल्यूसी मामले के सभी कानूनी और दस्तावेजी पहलुओं की जांच कर रही है।इधर बुंडू थाना में मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!