Ranchi: शादी का झांसा देकर महिला से संबंध, शादी से इनकार के बाद जान से मारने की धमकी का आरोप; युवक पर FIR
राँची राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक 23 वर्षीय युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने पहले उसे शादी का भरोसा दिलाया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर करीब एक महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी कथित तौर पर शादी से मुकर गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।मामले में पीड़िता के आवेदन पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 69 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह रोजगार के सिलसिले में सिल्ली इलाके से राँची आई थी और चुटिया थाना क्षेत्र में एक दुकान में काम करती थी। इसी दौरान दुकान के पास में काम करने वाले एक युवक सन्दीप साहू से उसकी जान-पहचान हुई। आरोप है कि युवक ने धीरे-धीरे उसके साथ नजदीकी बढ़ाई और उसे शादी करने का भरोसा दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी की बातों पर भरोसा होने के बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने करीब एक महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती जब भी शादी की बात करती थी, आरोपी कथित तौर पर किसी न किसी बहाने से मामला टाल देता था और बाद में शादी करने का भरोसा देता था।
आवेदन के अनुसार, जब युवती ने 18 सितंबर 2026 को आरोपी सन्दीप साहू से शादी के संबंध में स्पष्ट रूप से बात की तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे छोड़ दिया।इसके बाद युवती ने मामले की जानकारी दुकान के मालिक और आरोपी के परिवार वालों को भी दी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि परिवार वालों से बातचीत के दौरान युवती को आरोपी की पहले से शादी होने की जानकारी मिली। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब उसने आरोपी से अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर सवाल किया और न्याय की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, शिकायत करने या पुलिस के पास जाने पर उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।आवेदन में युवती ने कहा है कि शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए गए और बाद में शादी से इनकार कर दिया गया। इसके बाद धमकी मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर भी डर है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी और मामले से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन के आधार पर चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों को भी खंगालेगी।पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई स्पष्ट होगी।
इधर जानकारी मिली है कि पीड़िता भी शादीशुदा है और दो बच्चे हैं।पति से आपसी विवाद के बाद अलग रहती है।दोनों बच्चे पिता के साथ रहता है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

