पिता के सामने बेटी से मारपीट, गुस्से में ससुर ने टांगी से काटकर दामाद की कर दी हत्या; आरोपी गिरफ्तार
पलामू। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव में दामाद की टांगी से काटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदेव भूइयां के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने दामाद द्वारा अपनी बेटी के साथ मारपीट करने से नाराज होकर हमला करने की बात पुलिस को बताई है।घटना 20 सितंबर की है। भीखही गांव में गांधी भूइयां की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और हत्या का आरोप मृतक के ससुर जगदेव भूइयां पर लगा।
बेटी से मारपीट देख भड़का ससुर
छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका दामाद गांधी भूइयां शराब पीने के बाद उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। पिछले दो-तीन महीने से बेटी अपने मायके में ही रह रही थी।पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन गांधी भूइयां परिवार के सदस्यों के सामने ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट और बदसलूकी कर रहा था। इसी दौरान जगदेव भूइयां नाराज हो गया और उसने टांगी से गांधी पर हमला कर दिया। हमले में गांधी की मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी के निर्देश पर बनी थी स्पेशल टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी जगदेव भूइयां को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।कार्रवाई में छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे, सब इंस्पेक्टर धनंजय गोप समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और जवान शामिल रहे।

