गिरिडीह: अपहरण के आरोपी को बचाने के लिए पुलिस से भिड़े ग्रामीण…राजस्थान पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला, 102 पर केस, चार गिरफ्तार
गिरिडीह। राजस्थान से नाबालिग किशोरी का अपहरण कर झारखण्ड के गिरिडीह लाने का मामला उस वक्त हिंसक हो गया, जब किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार करने वाली राजस्थान पुलिस पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी को रास्ते में रोककर लाठी-डंडे, धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त से आरोपी युवक और बरामद किशोरी को भी छुड़ा लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने के दौरान हमला
मामला गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के कोयनडीह गांव का है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सीकर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच और किशोरी की तलाश में राजस्थान पुलिस गिरिडीह पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से रविवार को किशोरी को बरामद कर लिया गया। वहीं, अपहरण के आरोप में कुंदन हाजरा नामक युवक को भी गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद राजस्थान पुलिस गिरफ्तार युवक को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए गिरिडीह न्यायालय जा रही थी। इसी दौरान कोयनडीह गांव के पास युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडे, धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों से पुलिस को निशाना बनाया। इस अफरातफरी में आरोपी युवक और बरामद किशोरी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया गया।
102 लोगों के खिलाफ एफआईआर, चार गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो और देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले में राजस्थान के सीकर जिले के उद्योग नगर थाना में पदस्थ एएसआई जगदीश प्रसाद की शिकायत पर देवरी थाना में कांड संख्या 128/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में 22 नामजद और 80 अज्ञात समेत कुल 102 लोगों को आरोपी बनाया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश हाजरा उर्फ राकेश हाजरा, रुबिया देवी, रुपिया देवी (कोयनडीह) और कोली देवी (मलडीहा) शामिल हैं।
गिरफ्तारी के डर से गांव में लटके ताले
पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद कोयनडीह गांव में गिरफ्तारी का खौफ साफ दिखाई देने लगा है। बताया जा रहा है कि गांव के अधिकांश घरों में ताले लटक गए हैं। गिरफ्तारी की आशंका में कई महिलाएं और बच्चे भी दूसरे गांवों में चले गए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि राजस्थान पुलिस पर हमला करने और गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाकर ले जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 22 नामजद और 80 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर केंद्रीय कारा भेज दिया गया है।

