ट्रेन ड्यूटी के दौरान 3 क्रेडिट कार्ड से 3 लाख की साइबर ठगी…ओटीपी शेयर नहीं किया, कॉल भी नहीं उठाया…फिर भी कटते रहे पैसे

 

राँची। साइबर अपराधियों के नए तरीके से एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। जिले सोनाहातु थाना क्षेत्र के निमडीह निवासी राज कुमार सेठ (43) के तीन अलग-अलग क्रेडिट कार्ड से करीब 3 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। खास बात यह है कि पीड़ित ने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही किसी संदिग्ध कॉल का जवाब दिया, इसके बावजूद उनके खाते से पैसे कटते रहे। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना, राँची को दिए आवेदन में बताया है कि 14 मार्च को वह ट्रेन में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कोटशिला स्टेशन से टाटानगर स्टेशन के बीच उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी और कॉल आने लगे। उन्होंने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया, फिर भी थोड़ी देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से ट्रांजैक्शन के मैसेज आने शुरू हो गए। आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1,19,823 रुपए, एक्सिस बैंक के कार्ड से 1,11,926 रुपए और एसबीआई के कार्ड से करीब 66 हजार रुपए की निकासी हुई। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 2.98 लाख रुपए की साइबर ठगी हुई है।

error: Content is protected !!