दुमका:पिता ने 10 वर्षीय बेटे की कर दी हत्या, पत्नी की भी हत्या का प्रयास..आरोपी पुलिस की गिरफ्त में..

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र के साधुडीह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पिता ने अपने ही 10 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। साथ ही उसने अपनी पत्नी की हत्या का भी प्रयास किया।मृत बच्चे की पहचान कुशल कुमार उर्फ क्रांति कुमार के रूप में हुई है।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।घायल मां को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 मृतक की माँ पूजा देवी के अनुसार वर्ष 2013 में उसकी शादी जरमुंडी थाना क्षेत्र के लगवा ठाड़ी निवासी संजय कामती से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। इस कारण वह अपने मायके साधुडीह में रहने लगी थी।पीड़िता ने 17 मार्च को रामगढ़ थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को थाने में उपस्थित होने के लिए नोटिस भेजा था।

बताया जाता है कि आरोपी बुधवार को बच्चों के साथ साधुडीह पहुंचा और पत्नी पर केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा।साथ ही उसने बेटे से भी कहा कि वह पुलिस के सामने मां के खिलाफ बयान दे।जब बेटा तैयार नहीं हुआ तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने पत्नी पर भी हमला किया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकली।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।गांव के बाहर नदी किनारे पेड़ पर छिपे आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े जाने के दौरान उसने खुद को भी घायल कर लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है।वहीं मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

error: Content is protected !!