हजारीबाग:नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या,ग्रामीणों में आक्रोश,जांच में जुटी है पुलिस
हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची मंगलवार को मंगला जुलूस में शामिल हुई थी, जिसके बाद से वह लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में बच्ची का शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई और शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया है।
वहीं घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इस बीच, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचे एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद और पुलिस टीम का घेराव कर दिया तथा हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों तक डटे रहे।
स्थिति को नियंत्रित करते हुए एसडीपीओ ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों की आंखें नम हैं और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि समाज में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

