खूंटी पुलिस ने 39.78 किलो डोडा व 6.32 किलो अफीम किया बरामद,चार गिरफ्तार
खूंटी।झारखण्ड में खूंटी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जरियागढ़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा और अफीम बरामद करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को 24 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गारी गांव में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खेती कर डोडा व अफीम को अपने घरों में छिपाकर रखे हुए हैं और उसकी बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान संतोष आईन्द के घर से बोरे में छिपाकर रखा गया 39.78 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जीवन उरांव आईन्द उर्फ लोकेश के घर की तलाशी ली गई, जहां से 6.320 किलोग्राम अफीम जैसा पदार्थ (बॉटल सहित) जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में संतोष आईन्द (22 वर्ष), जीवन उरांव आईन्द उर्फ लोकेश (53 वर्ष), महादेव टुटी उर्फ मनीष (25 वर्ष) तथा जाटो सागा उर्फ मुकेश सागा (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में आरोपियों ने अवैध अफीम की खेती और उसके कारोबार में संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक एकड़ में लगी अफीम की फसल को भी नष्ट कर दिया है।
इस संबंध में जरियागढ़ थाना कांड संख्या 07/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा, पुलिस निरीक्षक सहित जरियागढ़ थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। डोडा की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग छह लाख और अफीम की कीमत करीब 30 लाख रुपये हैं।

