दो ट्रकों में भीषण टक्कर,सड़क पलटी दाल लोड ट्रक,करीब 500 बोरी दाल लूट ले गए लोग,बरामदगी में जुटी पुलिस
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले में कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के समीप बुधवार को दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।घटना के बाद दोनों ट्रक सड़क पर ही पलट गए।दुर्घटना में एक ट्रक के चालक मुकेश कुमार और उप चालक राहुल कुमार घायल हो गए। दोनों बिहार के छपरा निवासी हैं। जबकि खाली ट्रक के चालक को मामूली चोट आई है।
जानकारी के अनुसार एक ट्रक कोलकाता से करीब 1000 बोरा दाल लोड कर बिहार की ओर जा रहा था।वहीं एक खाली ट्रक विपरीत दिशा से नवादा से कोडरमा की ओर आ रहा था। इसी दौरान मेघातरी काली मंडा के पास दोनों ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।इधर, ट्रक के घायल चालक और उप चालक के अस्पताल जाते ही स्थानीय लोग सड़क पर बिखरी दाल को लूटने में लग गए। ट्रक में लोड 1000 बोरी दाल में से तकरीबन 500 बोरी दाल लूट लिए जाने की सूचना है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पीसीआर वैन घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों और घरों में सर्च अभियान शुरू कर दिया, ताकि लूटे हुए दाल की बरामदगी हो सके।कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पीसीआर वैन को भेजा गया है और क्रेन मंगवा कर सड़क पर पलटे ट्रकों को हटाया जा गया है।उन्होंने कहा कि लूटे गए दाल की बरामदगी को लेकर आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

