Ranchi:आधा दर्जन अपराधियों ने कुछ ही घंटों में तीन पेट्रोल पंप पर किया लूटपाट , विरोध करने पर अपराधियों ने कर्मचारी को मारा चाकू…जांच में जुटी है पुलिस..

 

राँची।राजधानी राँची में पेट्रोल पंप पर लूटपाट करने वाले गिरोह ने मंगलवार की देर रात बीआईटी और टाटीसिलवे इलाके में लूटपाट और चाकू बाजी कर दहशत फैला दिया।बेखौफ अपराधियों ने इस दौरान तीन पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वहीं लूटपाट का विरोध करने पर एक दुकानदार को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।बताया जाता है कि छह की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने राँची के बीआईटी ओपी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंप और टाटीसिलवे स्थित एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। रात के 12 बजे के करीब अपराधियों ने बीआईटी के नेवरी में स्थित ड्रीम प्वाइंट पेट्रोल पंप से लूटकांड के दौरान 2 लाख से अधिक कैश ले गए।जबकि पास के पेट्रोल पंप से दो हजार रुपये और एक मोबाइल हथियार के बल पर ले उड़े।

बीआईटी में पेट्रोल पंप लूटने के बाद सभी अपराधी ओरमांझी की तरफ आगे बढ़ गए।वहां एक दुकान उन्हें खुला मिला। जहां बेखौफ अपराधी दुकानदार के पास लूटपाट करने के लिए पहुंच गए।दुकानदार ने विरोध किया तो उसे चाकू मार कर बुरी तरह से घायल कर दिया और उसके दुकान को लूट लिया। सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि बीआईटी क्षेत्र में दो पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया है।

इधर टाटीसिल्वे स्थित एक सीएनजी पंप (गेल इंडिया) पर भी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है।टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने पेट्रोल पंप से 12 हजार के लूट की पुष्टि की है।

पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात 12 बजे के बाद बाइक सवार 6 अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचते हैं और वहां मौजूद कर्मचारी को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करते हैं।जिसके बाद कर्मचारी अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगता है।हथियारबंद अपराधी बेखौफ होकर उसका पीछा करते हैं और कैश काउंटर में प्रवेश कर जाते हैं।जिसके बाद कैश काउंटर में रखा सारा कैश लूटकर फरार हो जाते हैं।

पेट्रोल पंपों से मिले सीसीटीवी फुटेज की जांच पर यह पता चल रहा है कि राजधानी राँची में जिन चार लूट कांडों को अंजाम दिया गया है उन सभी में एक ही गिरोह शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।बीते दिनों पुंदाग ओपी क्षेत्र में पेट्रोल पंप से लूटपाट की घटना इसी गिरोह का हाथ होने की आंशका जताया जा रहा है।

error: Content is protected !!