ट्रेन में मोबाइल चोरी, खाते से 2.89 लाख की साइबर ठगी..कैशबैक के झांसे में महिला जवान से 70 हजार की ठगी,
राँची।राँची के एक यात्री के साथ मोबाइल चोरी के बाद बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ट्रेन यात्रा के दौरान मोबाइल चोरी होने के बाद ठगों ने यूपीआई के जरिए उसके बैंक खाते से 2 लाख 89 हजार 773 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना राँची में आवेदन देकर 23 मार्च प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज कर साइबर थाना राँची की पुलिस छानबीन में जुट गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार नगड़ी थाना क्षेत्र के सेम टोली निवासी दिगम्बर कच्छप 11 मार्च को ट्रेन संख्या 13247 आरा कैपिटल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान डालखोला और न्यू माल जंक्शन के बीच उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। जिसके बाद पीड़ित ने ट्रेन में ही रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका रेफरेंस नंबर 202603110473 भी उन्हें मिला। मोबाइल चोरी के बाद ठगों ने उनके बैंक खाते को निशाना बनाना शुरू कर दिया। 12 मार्च से 16 मार्च के बीच यूपीआई के जरिए लगातार ट्रांजैक्शन किए गए और कुल 2.89 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को इस ठगी की जानकारी 16 मार्च को तब हुई, जब उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया।
कैशबैक के झांसे में महिला जवान से ठगी,फोन कॉल के बाद खाते से 70 हजार से ज्यादा उड़ाए
इधर साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां कैशबैक का झांसा देकर जाप-10 महिला बटालियन, होंटवार में कार्यरत अंजेला आईन्द के खाते से करीब 70 हजार रुपए की निकासी कर ली गई। पीड़िता ने साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार 7 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने मोबाइल रिचार्ज पर कैशबैक वापस मिलने का लालच दिया और कहा कि उनका बैंक खाता फोन से लिंक है या नहीं, यह जांच लें। कॉल के कुछ ही देर बाद उनके खाते से लगातार तीन ट्रांजैक्शन के जरिए रकम निकाल ली गई। पहला ट्रांजैक्शन सुबह 9:43 बजे हुआ, जिसमें 59,464.10 रुपये कटे, इसके बाद 9:48 बजे दूसरा और 9:52 बजे तीसरा ट्रांजैक्शन कर 10,098 रुपये और निकाल लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

