एयर इंडिया मेंबरशिप के नाम पर बुजुर्ग से 2.94 लाख ठगी…डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा भारी, ऐप डाउनलोड करते ही 1.41 लाख की साइबर ठगी
राँची।राँची में साइबर अपराधियों ने एयर इंडिया मेंबरशिप के नाम पर एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर उनके खाते से 2 लाख 94 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। डोरंडा के कुसई स्थित सत्यभामा ग्रांड अपार्टमेंट निवासी 63 वर्षीय उमेश कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 19 मार्च 2026 को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को एयर इंडिया से जुड़ा बताते हुए मेंबरशिप देने का ऑफर दिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने उनसे नाम, जन्मतिथि, पता और पिनकोड जैसी व्यक्तिगत जानकारियां लीं। इसके बाद ठग ने उन्हें 10 रुपये का क्यूआर कोड भेजा और उसे स्कैन करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने क्यूआर कोड स्कैन किया, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और ठगों ने बैंक खातों से पैसे निकालने शुरू कर दिए। पीड़ित के अनुसार, 19 मार्च से 21 मार्च के बीच बैंक ऑफ इंडिया से 99,000 रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक से छह बार में 1,95,000 रुपये निकाल लिए गए। कुल मिलाकर 2.94 लाख रुपये की ठगी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत अपना मोबाइल फॉर्मेट कर दिया, ताकि आगे और निकासी रोकी जा सके। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा भारी, ऐप डाउनलोड करते ही 1.41 लाख की ठगी
इधर ,ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां डॉक्टर का नंबर सर्च कर अपॉइंटमेंट लेने की कोशिश एक व्यक्ति को महंगी पड़ गई। ठगों ने फर्जी नंबर के जरिए संपर्क कर व्हाट्सऐप पर ऐप भेजा और उसे डाउनलोड करवाकर करीब 1,41,003 रुपये की ठगी कर ली। चित्रगुप्त नगर, बड़गाई (बरियातु) निवासी राकेश कुमार (42) ने साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है। दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने गूगल पर डॉ. पी.एन. सिंह का नंबर सर्च किया था। गूगल पर उपलब्ध नंबर (7978396922) पर कॉल करने के बाद सामने वाले ने व्हाट्सऐप नंबर (6201941456) से संपर्क किया और डॉक्टर अपॉइंटमेंट के नाम पर एक ऐप भेजा। पीड़ित के अनुसार, ऐप डाउनलोड कराने के बाद ठग ने उनसे पांच रुपये का भुगतान कराया। इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और उनके फोन-पे से जुड़े दोनों मोबाइल नंबरों के जरिए तीन बार में कुल 1,41,003 रुपये निकाल लिए गए।

