झारखण्ड में झकझोर देने वाली वारदात:बुजुर्ग माँ की बेरहमी से हत्या कर शव घर के आंगन में जलाया…इलाके में सनसनी,आरोपी फरार..

 

चाइबासा।झारखण्ड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र के कमरोड़ा गांव से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को आंगन में ही जला दिया।जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना सामने आने से इलाके के लोग हैरान हैं। बता दें कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले अपने पिता की भी हत्या कर चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को आरोपी युवक नामजन बरजो ने पहले अपनी बुजुर्ग मां मेरी बरजो की लाठी-डंडे से पिटाई की, फिर लोहे के दाऊली से हमला कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद उसने घर के पीछे आंगन में लकड़ियां डालकर मां के शव को आग के हवाले कर दिया। घटना के समय गांव के अधिकांश ग्रामीण खूंटी जिला के रनिया बाजार गए हुए थे।

ऐसे में आरोपी की भाभी के बुलाने पर भी बीच-बचाव के लिए कोई नहीं आया। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र की ओर भाग गया है।

गुदड़ी थाना पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रनिया थाना पुलिस की मदद से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना स्थल से बरामद मृतका के जले हुए अवशेषों को पुलिस ने जब्त कर डीएनए जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मृतका की शिनाख्त और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य पुख्ता किए जा सके।

error: Content is protected !!