लातेहार के सुग्गा बांध फॉल में सेल्फी बनी जानलेवा, गढ़वा के युवक आयुष तिवारी की डूबने से मौत

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुग्गा बांध फॉल में रविवार को सेल्फी लेने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गढ़वा निवासी 4 दोस्तों के साथ घूमने आए आयुष तिवारी का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। आयुष अपने माता-पिता के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बारिश का मौसम शुरू होते ही सुग्गा बांध फॉल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे गढ़वा के चार युवक यहां घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान आयुष तिवारी सेल्फी लेने के लिए एक चट्टान पर गए, जहां उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरे पानी में जा गिरे।

आयुष को बचाने के प्रयास में उनका एक दोस्त भी पानी में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात वन विभाग के कर्मी तत्काल सक्रिय हुए और दूसरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आयुष गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलने पर बारेसांड थाना प्रभारी शशि कुमार और वन विभाग के फॉरेस्टर साकेत पांडेय घटनास्थल पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद गहरे पानी में पत्थरों के बीच फंसे आयुष के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि गढ़वा के चार दोस्त घूमने आए थे। सेल्फी लेने के दौरान एक युवक पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।शव आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

वहीं फॉरेस्टर साकेत पांडेय ने पर्यटकों से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वन विभाग ने खतरनाक स्थानों की घेराबंदी की है और पर्यटकों को किसी भी स्थिति में सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

error: Content is protected !!