राँची पुलिस का बड़ा एक्शन: युवाओं की जिंदगी में ‘नशा’ घोलने वाली सुनीता देवी गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद

​राँची।राँची की कांके थाना पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इलाके के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने कदम टोला (गढ़हुसीर) से एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया गिरोह घर के भीतर से ही अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली गोलियों का धंधा चला रहा था।

मिली ​जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को वरीय पुलिस अधिकारी को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि कांके थाना क्षेत्र के ग्राम कदम टोला (गढ़हुसीर) में सुनीता देवी और उसका पति बिनोद गोप मिलकर बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इस अवैध धंधे के कारण क्षेत्र के नवयुवक तेजी से नशे के आदी हो रहे थे और तस्करों के घर के आसपास हर वक्त असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय लोग दहशत में थे।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी के नेतृत्व में कांके और पिठौरिया थाना की पुलिस को मिलाकर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। पुलिस बल ने कदम टोला स्थित संदिग्ध ठिकाने पर अचानक छापेमारी कर दी।पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से तस्करों को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके से पुलिस ने सुनीता देवी को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं और अन्य सामान बरामद किए गए, जिसका ब्यौरा इस प्रकार है:
​Onyrex Cough Syrup (Codeine Phosphate): 05 बोतल (100ml प्रत्येक)
​Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets): 91 पीस नशीली गोलियां
​कैश (नकद नारायण): ₹5,210/- (नशे की कमाई)
​मोबाइल: 01 नोकिया कीपैड फोन (जिससे ग्राहकों से संपर्क किया जाता था)

​पुराना है आपराधिक इतिहास, भेजा गया जेल

​पुलिस ने बरामद प्रतिबंधित दवाओं को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ कांके थाना में काण्ड संख्या 129/26 दर्ज किया है। आरोपी पर NDPS Act की धारा 21(b)/22(b) और Drugs and Cosmetics Act की धारा 27(b)(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, इस परिवार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले भी कांके थाना में काण्ड संख्या 100/25 दर्ज है। फिलहाल आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्य अभियुक्त सुनीता देवी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सीधे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इसके पति बिनोद गोप और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों की तलाश में जुट गई है।


error: Content is protected !!