राँची में कार सवार चार युवकों की गुंडागर्दी…स्कूटी से जा रहे दंपती को घेरा, महिला से अश्लील हरकत, विरोध करने पर हेलमेट से सिर फोड़ा,कान की बाली भी छीनी
-जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 बाईपास के पास वारदात, पति-पत्नी को बेरहमी से पीटकर किया घायल; चार युवकों पर नामजद प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
राँची। राजधानी राँची में कार सवार युवकों की कथित दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूटी से अपने घर लौट रहे पति-पत्नी को सफेद रंग की होंडा अमेज कार में सवार चार युवकों ने रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले महिला पर अश्लील कमेंट किए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। पति ने जब इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला को भी आरोपियों ने जमीन पर पटक दिया और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए मारपीट की। इस दौरान महिला के कान की बाली भी छीन ली गई। आरोपियों ने महिला और उसके पति के सिर पर हेलमेट से वार कर उन्हें घायल कर दिया।
मामला जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 बाईपास के पास का है। घटना को लेकर धुर्वा सेक्टर-2 निवासी 30 वर्षीय महिला ने जगन्नाथपुर थाने में चार युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अश्लील कमेंट से शुरू हुआ विवाद, विरोध पर दंपती पर टूट पड़े युवक
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 11 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:45 से 6:30 बजे के बीच वह अपने पति के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सेक्टर-5 बाईपास के समीप सफेद रंग की होंडा अमेज कार (JH01FF-8899) में सवार चार युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोप है कि कार सवार युवक महिला पर अश्लील टिप्पणियां करने लगे और छेड़छाड़ करने लगे।
जब पति ने युवकों की इस हरकत का विरोध किया तो मामला अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि कार से उतरे चारों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति को बचाने के लिए जब वो आगे आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। महिला को जमीन पर पटक दिया और उनके साथ अश्लील हरकत करते हुए छीना-झपटी की।
हेलमेट से सिर पर वार, कान की बाली भी छीनने का आरोप
प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान युवकों ने उनके कान की बाली छीन ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने हेलमेट से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। वहीं, पति के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। उनके सिर पर भी चोट लगी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने दंपती को जान से मारने की कोशिश भी की। हालांकि, घटनास्थल की ओर स्थानीय लोगों को आते देख चारों युवक मौके से भाग निकले। इसके बाद किसी तरह दोनों ने अपनी जान बचाई।
चार नामजद आरोपी, एक पुलिस की गिरफ्त में
महिला ने अपने आवेदन में चार युवकों की पहचान अर्पित राज सिंह, अनिकेत, मयंक और हिमांशु सिंह के रूप में की है। सभी के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
राजधानी के व्यस्त इलाके में पति-पत्नी को घेरकर कथित तौर पर की गई इस वारदात ने महिलाओं की सुरक्षा और सड़क पर बढ़ती गुंडागर्दी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

