राँची पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार: 1444 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो सगे भाई सहित 4 तस्कर गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची में नशे के काले कारोबार के खिलाफ राँची पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने डोरण्डा थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ चार शातिर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया है। पुलिस ने तस्करों के पास से कुल 1444 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका वजन 159.03 ग्राम बताया जा रहा है।
एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि डोरण्डा थाना अंतर्गत धोबी मोहल्ला खटाल में बड़े पैमाने पर नशाखोरी और नशे का अवैध व्यापार चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।इस स्पेशल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुसई जतरा मैदान और साकेत नगर हिनू में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से चारों तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए चारों तस्करों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से दो सगे भाई हैं और वे अंतरजिला स्तर पर इस सिंडिकेट को चला रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम दीपक भुइयां (उम्र 32 वर्ष) का है, जो वर्तमान में फॉरेस्टर कॉलोनी डोरण्डा में रहता है और वह मूल रूप से गिरिडीह जिले के सरिया थाना अंतर्गत केपलो का रहने वाला है।
इसके अलावा डोरण्डा के नोपाल हाउस पीएचईडी कॉलोनी के रहने वाले दो सगे भाई नरेश कुमार (उम्र 27 वर्ष) और महेश कुमार (उम्र 30 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं चौथा आरोपी संदीप कुमार दांगी (उम्र 37 वर्ष) है, जो वर्तमान में साकेत नगर डोरण्डा में किरायेदार के रूप में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता चतरा जिले का ईटखोरी थाना क्षेत्र है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करों के पास से केवल नशे का सामान ही नहीं, बल्कि कैश भी बरामद किया है। पुलिस ने कुल 1444 पुड़िया ब्राउन शुगर (वजन 159.03 ग्राम) के साथ-साथ तस्करों के पास से ड्रग्स बिक्री के 58,100 रुपये नकद और तस्करी के नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले 3 पीस मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
नशे के इस बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने में डोरण्डा थाना और हटिया डीएसपी की टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व हटिया के डीएसपी नीरज कुमार कर रहे थे। टीम में उनके साथ डोरण्डा थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।
राँची पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से राजधानी के ड्रग माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट की मुख्य कड़ियों तक पहुंचा जा सके।

