बोकारो में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग: दवा लेने आए दंपती को बनाया निशाना, तो युवक भी बना शिकार,गले से चेन छीनकर भागा स्नैचर. सीसीटीवी के सहारे बदमाशों की तलाश

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो शहर के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले लक्ष्मी मार्केट इलाके में इलाज के लिए पहुंचे एक दंपती को बाइक सवार दो बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर दोनों आरोपी कुछ ही पलों में फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सेक्टर-4 थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग निवासी 58 वर्षीय संजय कुमार सिन्हा रविवार को अपने बेटे के इलाज के सिलसिले में पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट पहुंचे थे। सुबह लगभग 11:15 बजे दोनों मयूर मेडिकल के सामने खड़े थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और चालक ने तेज रफ्तार से बाइक बीएसएल की ओर दौड़ा दी।
घटना के तुरंत बाद दंपती और आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज गति से मौके से फरार होने में सफल रहे। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी संभल नहीं सके।
थाने में दर्ज शिकायत में पीड़ित ने आरोपियों के हुलिए का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, बाइक पर पीछे बैठा युवक सफेद रंग की टोपी और स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहने हुए था। पुलिस का मानना है कि यह विवरण आरोपियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार और अस्पताल जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
दूसरी घटना बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर टू सी जैन मंदिर के समीप रविवार को एक युवक के गले से सोने की चेन झपट कर बाइक सवार दो युवक भाग निकले।हो-हल्ला के बाद भी बाइक सवार उच्चके पकड में नहीं आ सके।भुक्तभोगी सेक्टर दो निवासी अभिषेक यादव है।घटना की जानकारी तुरंत बीएस सिटी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास को दी गयी। टीम के साथ श्री दास घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास लगी सीसीटीवी कैमरा के फुटेज की जांच की. बाइक की पहचान हुई. बाइक सवार युवकों की धर-पडक के लिए पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया।एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन जांच कर रहे है। जल्द युवकों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।महाराष्ट्र व उडीसा गैंग के तर्ज पर स्नेचिंग पिछले दिनों सेक्टर चार थाना ने बाइक सवार चेन स्नेचिंग करने वाले दो गिरोह को पकडा था। इसमें एक सदस्य भोला दास उडीसा का रहनेवाला है।

