शर्मनाक:मासूम की अस्मत का सौदा कर मटन-दारू उड़ा रहे थे पंच, पुलिस ने ऐन वक्त पर रंग में डाला भंग: गुमला में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात

गुमला।झारखण्ड के गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र के पलमा गांव से इंसानियत को तार-तार करने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ न सिर्फ दरिंदगी की गई, बल्कि गांव के कुछ रसूखदारों ने पंचायत बुलाकर इस जघन्य अपराध को दबाने की घिनौनी कोशिश भी की। हद तो तब हो गई जब बच्ची की अस्मत की कीमत एक लाख रुपये लगाई गई और एडवांस में मिले 20 हजार रुपये से गांव में मांस और शराब की पार्टी का दौर शुरू हो गया। हालांकि, एक गुप्त सूचना ने खेल बिगाड़ दिया और पुलिस ने ऐन मौके पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।
गोद में लेने के बहाने कमरे में ले गया कसाई
यह खौफनाक वारदात शनिवार शाम करीब चार बजे की है। आरोपी सुनील लोहरा पीड़िता के घर पहुंचा, जहाँ महिला अपनी तीन साल की बेटी के साथ थी। सुनील ने बड़े ही शातिर तरीके से महिला से कहा कि वह बच्ची को संभाल लेता है ताकि महिला अपना घरेलू काम निपटा सके। मां उस पर भरोसा कर बैठी, लेकिन सुनील बच्ची को बहाने से एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची खून से लथपथ होकर चीखने-चिल्लाने लगी, तब दौड़कर पहुंची मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।
थाने जाने से रोका, एक लाख का जुर्माना लगा उड़ाई दावत
इस संगीन मामले को थाने ले जाने के बजाय गांव के कुछ तथाकथित पंचों ने इसे रफा-दफा करने की साजिश रची। पहले तो बच्ची को एक निजी डॉक्टर के पास ले जाकर गुपचुप इलाज कराया गया, फिर रविवार को बकायदा पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने आरोपी सुनील लोहरा पर एक लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया और मामला यहीं दबाने को कहा। आरोपी ने तुरंत 20 हजार रुपये नकद दे दिए और बाकी के 80 हजार रुपये एक हफ्ते में देने का वादा किया। शर्म की बात यह रही कि पंचायत के सदस्यों ने उस 20 हजार रुपये से तुरंत मांस और दारू का इंतजाम किया और गांव में जश्न मनाने लगे। एक तरफ मासूम दर्द से तड़प रही थी और दूसरी तरफ आरोपी और पंच मिलकर जाम छलका रहे थे।
गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, हवालात पहुंचे पैर
जब गांव में अपराध पर जश्न का यह घिनौना खेल चल रहा था, तभी गांव के ही एक जागरूक और प्रबुद्ध व्यक्ति ने चुपके से घाघरा पुलिस को इसकी भनक दे दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन कुमार दलबल के साथ पलमा गांव पहुंचे। पुलिस को देखते ही पार्टी मना रहे लोगों के होश उड़ गए। पुलिस ने मौके से ही आरोपी सुनील लोहरा को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता की मां का बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। वहीं, अरंगी पंचायत के मुखिया लोदो एक्का ने इस मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा है कि इस पंचायत बैठक की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी, पुलिस के आने के बाद ही उन्हें मामले का पता चला। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और कानून को हाथ में लेने वाले पंचों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

