सुबह की सैर पर निकले वरिष्ठ चिकित्सक, कुछ घंटों बाद कुएं में मिला शव; गिरिडीह में मचा हड़कंप

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह में सोमवार की सुबह शहर उस वक्त स्तब्ध रह गया, जब सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एन. झा का शव पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद हुआ। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले डॉ. झा के इस तरह मृत मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरता देखा और तुरंत इसकी सूचना पचंबा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि डॉ. बी.एन. झा रोजाना की तरह सोमवार सुबह टहलने निकले थे, लेकिन इसके बाद उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक रहस्य बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदमे में आ गए और घर में मातम का माहौल है।
इधर, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाने वाले डॉ. बी.एन. झा के निधन की खबर से चिकित्सा जगत के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

