राँची:पुलिस बोर्ड लगी कार बेकाबू होकर दुकान में घुसी, जोंहा फॉल के पास मचा हड़कंप; बाल-बाल बचे लोग

राँची।राँची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राँची–मूरी रोड पर जोंहा फॉल के समीप पुलिस बोर्ड लगी एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे दुकान में जा घुसी। संयोग अच्छा रहा कि हादसे से कुछ क्षण पहले ही दुकान के सामने मौजूद लोग वहां से हट गए थे। यदि वे वहीं खड़े रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार पर पुलिस का बोर्ड लगा होने की वजह से मामला चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक नशे की हालत में था और कार के अंदर बियर की बोतलें और ग्लास रखा हुआ मिला है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल इस पहलू समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।गाड़ी में कौन था किसका है।जांच की जा रही है।

