खूंटी में 18 चक्का ट्रक का खूनी तांडव, सात मौतों से मचा कोहराम; मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 11 महीने के मासूम समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख जताया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर हादसे में सात लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है।”
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने हादसे में इलाजरत घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
स्कूटी हादसा देखने सड़क पर निकले थे लोग, तभी मौत बनकर आया ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकलकर घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर जमा हो गए थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) अनियंत्रित होकर सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेता चला गया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा। हादसे में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दो घायल बच्चों को सीएचसी कर्रा पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया।
11 महीने के मासूम समेत सात लोगों की गई जान
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार बताई गई है—
1. सौरव नायक (11 माह), पिता- अजित नायक।
2. जयंती देवी।
3. मानहु देवी।
4. गोलू।
5. तूती कुमारी।
6. अंजलि कुमारी (19 वर्ष), पति- अजित नायक।
7. पाको देवी (65 वर्ष)।
बताया जा रहा है कि सभी सातों मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं। एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। वहीं, मुख्यमंत्री की संवेदना के बाद पूरे राज्य में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल है।
चालक और खलासी की तलाश, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी के फरार होने की सूचना है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक-खलासी की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

