दक्षिणा के 20 हजार रुपये बने पुजारी की मौत की वजह, आधी रात घर में घुसे परिचितों ने गला रेतकर कर दी हत्या,दो गिरफ्तार
धनबाद।दुर्गा पूजा में पूजा-पाठ कराने के बाद दक्षिणा में मिले 15 से 20 हजार रुपये एक पुजारी के लिए मौत का कारण बन गए। जिस रकम को लेकर पुजारी ने शायद कभी अनहोनी की कल्पना भी नहीं की होगी, उसी रकम के लालच में उसके परिचित ही हत्यारे बन बैठे। धनबाद के कतरास में पुजारी मुन्ना पाण्डेय की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे दक्षिणा की रकम लूटने का लालच सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, दशहरा के दौरान पूजा-पाठ कराने के एवज में मुन्ना पाण्डेय को करीब 15 से 20 हजार रुपये दक्षिणा मिली थी। उसके परिचित सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी और मिथुन गोप को इसकी जानकारी थी। दोनों की नजर पुजारी की इसी कमाई पर थी। रकम हासिल करने के लालच में दोनों ने हत्या की साजिश रच डाली।
आधी रात रकम खोजने पहुंचे, जाग गया पुजारी तो कर दी हत्या
28 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी मुन्ना पाण्डेय के घर पहुंचे। पुजारी के सो जाने के बाद दोनों घर में दक्षिणा के पैसे तलाशने लगे। इसी दौरान बर्तन गिरने से आवाज हो गई और मुन्ना पाण्डेय की नींद खुल गई। पकड़े जाने के डर से दोनों ने पहले उसका गला दबाकर उसे अचेत कर दिया। इसके बाद मिथुन गोप ने घर में रखे चाकू से पुजारी का गला रेत दिया। इस तरह कुछ हजार रुपये के लालच में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद टीवी और बर्तन भी ले गए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर से एलईडी टीवी, तीन बर्तन और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर बाघमारा एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी तथा मिथुन गोप को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या का चाकू और खून लगे कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, डिस का काला केबल तार, खून लगा कपड़ा, चोरी की गई एलईडी टीवी और कांसा के बर्तन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
