धनवार बैंक डकैती के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, कई किलोमीटर तक पीछा कर फिल्मी अंदाज में एक लुटेरे को दबोचा, पूरे इलाके की घेराबंदी

 

गिरिडीह। झाररखण्ड के गिरिडीह जिले के धनवार स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती की घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। बैंक में रिवॉल्वर की नोक पर लूटपाट कर फरार हुए अपराधियों की तलाश में जिले के कई थानों की पुलिस सड़कों पर उतर गई है। इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से एक अपराधी को फिल्मी अंदाज में खदेड़कर पकड़ लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बैंक डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों से भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरता देख एक अपराधी अपनी बाइक छोड़कर भागने लगा। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसका पीछा करना शुरू किया।

बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों ने कई किलोमीटर तक अपराधी का पीछा किया। काफी दूर तक दौड़ाने के बाद आखिरकार उसे दबोच लिया गया। अपराधी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

कई अपराधियों के घिरे होने की सूचना, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

बैंक डकैती के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है। जमुआ समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही हैं। ग्रामीण भी पुलिस को सहयोग कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्ध अपराधियों को भी घेर रखा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की गई है।

दिनदहाड़े बैंक में हथियार के बल पर हुई इस बड़ी डकैती के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। फिलहाल पकड़े गए अपराधी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही डकैती में शामिल अपराधियों की संख्या, लूट की रकम और अन्य बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

 

error: Content is protected !!