सौतन की एंट्री से भड़की पहली पत्नी, डेढ़ लाख में दे दी पति की हत्या की सुपारी; चार गिरफ्तार

 

पलामू।पति की दूसरी शादी पहली पत्नी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। इसके लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी गई और फिर सुनियोजित तरीके से गोली मारकर पति की हत्या कर दी गई। पलामू पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पहली पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पहली पत्नी का बहन बेटा और लातेहार जिले के मनिका के रहने वाले दो कथित शूटर भी शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

दरअसल, 21 अक्टूबर को पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानी खुर्द में तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए थे। मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था।

दूसरी शादी की खबर मिलते ही रच डाली हत्या की साजिश

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने गुरुवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तुलेश्वर महतो ने करीब चार महीने पहले दूसरी शादी कर ली थी। पति की दूसरी शादी से उसकी पहली पत्नी उर्मिला देवी नाराज चल रही थी। उर्मिला देवी पंजाब में एक कंपनी में काम करती थी। दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, उर्मिला देवी ने इस साजिश में अपनी बहन के बेटे राहुल कुमार को शामिल किया। हत्या को अंजाम देने के लिए उसने राहुल कुमार को डेढ़ लाख रुपये दिए। इसके बाद राहुल ने लातेहार जिले के मनिका निवासी शंकर यादव और नरेश सिंह से संपर्क किया। दोनों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पहले की रेकी, फिर गोली मारकर कर दी हत्या

एसपी के अनुसार, हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने तुलेश्वर महतो की गतिविधियों पर नजर रखी और उसकी रेकी की। पूरी योजना बनाने के बाद अगले दिन मौका पाकर तुलेश्वर महतो को गोली मार दी गई। इस तरह दूसरी शादी से उपजे विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली।

मनी ट्रेल से खुली साजिश की परतें

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के बीच पैसों के लेन-देन की कड़ियां खंगालीं। मनी ट्रेल के जरिए पुलिस को हत्या की साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचने में मदद मिली। इसके बाद छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उस हथियार को भी बरामद कर लिया है, जिससे तुलेश्वर महतो की हत्या की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतक की पहली पत्नी उर्मिला देवी, उसके भांजे राहुल कुमार तथा लातेहार जिले के मनिका निवासी शंकर यादव और नरेश सिंह के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे में लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पाटन इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन, सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार शर्मा, आनंद कुमार सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

error: Content is protected !!