घूसखोर दरोगा की फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश नाकाम,10 हजार की घूस लेकर भागा, तालाब में कूदा फिर भी नहीं बचा,कमरे से मिले 1.55 लाख रुपये
डेस्क/संबलपुर। कानून की रखवाली करने वाला एक पुलिस अधिकारी जब खुद रिश्वतखोरी के आरोप में घिरा तो गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। ओडिशा के संबलपुर जिले में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े जाने के डर से एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर तालाब में कूद गया। लेकिन विजिलेंस टीम ने भी हार नहीं मानी। टीम का एक सदस्य तालाब में उतर गया और तैरकर आरोपी अधिकारी तक पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई के बाद जब आरोपी के कमरे की तलाशी ली गई तो वहां से 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए।
मामला निपटाने के नाम पर मांगी थी 10 हजार की रिश्वत
विजिलेंस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार,गिरफ्तार सब-इंस्पेक्टर की पहचान सुजीत कुमार मोहंता के रूप में हुई है।वह संबलपुर जिले के महुलपाली पुलिस थाने में पदस्थापित था। बताया गया है कि वह एक मामले का जांच अधिकारी भी था। आरोप है कि संबंधित मामले को निपटाने के बदले उसने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी विजिलेंस विभाग को दी। इसके बाद अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
थाने के बाहर सुनसान जगह पर बुलाया, पहले से तैयार थी विजिलेंस टीम
योजना के मुताबिक, बुधवार शाम सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर पुलिस स्टेशन के बाहर एक सुनसान जगह पर बुलाया। विजिलेंस टीम पहले से ही आसपास निगरानी कर रही थी। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। अचानक विजिलेंस अधिकारियों को सामने देखकर सब-इंस्पेक्टर घबरा गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए वहां से भागने लगा।
विजिलेंस से बचने तालाब में लगाई छलांग
आरोपी ने पीछा कर रही विजिलेंस टीम से बचने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी।उसे शायद उम्मीद थी कि पानी में उतरकर वह कार्रवाई से बच जाएगा, लेकिन विजिलेंस टीम ने भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। टीम का एक सदस्य खुद तालाब में उतर गया और तैरकर उसके पास पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके बाद उसके पास से रिश्वत के पूरे 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस अधिकारी की इस हरकत की चर्चा इलाके में फैल गई।
कमरे की तलाशी में मिले 1.55 लाख रुपये
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद विजिलेंस ने आरोपी से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस स्टेशन परिसर में स्थित उसके कमरे से 1 लाख 55 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। यह रकम अलग-अलग कई लिफाफे में रखी हुई थी। अब विजिलेंस अधिकारी बरामद नकदी के स्रोत और आरोपी की अन्य संपत्तियों की जानकारी जुटा रहे हैं। साथ ही उसके वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसके पास आय से अधिक संपत्ति तो नहीं है।
भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज
इस कार्रवाई के बाद संबलपुर विजिलेंस पुलिस स्टेशन में केस नंबर 21/2026 दर्ज किया गया है।आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुजीत कुमार मोहंता वर्ष 2021 में सीधी भर्ती के जरिए ओडिशा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर शामिल हुआ था।
फिलहाल विजिलेंस की जांच का दायरा रिश्वत के 10 हजार रुपये से आगे बढ़कर आरोपी के कमरे से मिले 1.55 लाख रुपये और उसकी अन्य संपत्तियों तक पहुंच गया है। एक पुलिस अधिकारी का रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद तालाब में कूदकर भागने का यह घटनाक्रम संबलपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

