टंडवा में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की सीधी भिड़ंत…एक गुर्गे का पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर, गोली लगने से घायल अपराधी को भेजा अस्पताल…
चतरा।झारखण्डमें कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। ल चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और गैंग के सदस्यों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से हुई गोलीबारी में गैंग का एक गुर्गा गोली लगने से घायल हो गया।मुठभेड़ की पुष्टि चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने की है। उन्होंने संकेत दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गैंग के कई सदस्य टंडवा इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गैंग की संदिग्ध गतिविधियों की भनक पुलिस को लग गई। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस टीम का सामना गैंग के सदस्यों से हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। इस मुठभेड़ में गैंग का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। घायल अपराधी कौन है, उसका आपराधिक इतिहास क्या है और गैंग के कितने सदस्य मौके पर मौजूद थे, इन सवालों पर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राहुल दुबे गैंग के खिलाफ इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है। अब पुलिस के आधिकारिक खुलासे का इंतजार है।

