चौपारण होटल फायरिंग कांड में दूसरे शूटर आनंद का चतरा पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर…दो दिन पहले हजारीबाग में रॉकी को भी लगी थी गोली, राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का डबल अटैक
चतरा।झारखण्ड में कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। हजारीबाग में गैंग के कथित शूटर राहुल उर्फ रॉकी के हाफ एनकाउंटर के महज दो दिन बाद अब चतरा पुलिस की अपराधियों से सीधी भिड़ंत हो गई। टंडवा थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली कोल परियोजना के होन्हे जंगल में बुधवार अहले सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के कथित शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग से जुड़े आनंद कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी चतरा सदर का रहने वाला बताया जा रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।
जंगल में पुलिस को देखते ही भागने लगे अपराधी, शुरू कर दी फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ अपराधी टंडवा इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान होन्हे से गोडवाइर जाने वाले रास्ते पर जंगल में पुलिस की नजर कुछ संदिग्ध युवकों पर पड़ी।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने के बजाय जंगल की ओर भागने लगे। इसी बीच अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
तीन खोखे, लोडेड बंदूक और खून के निशान बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान तीन खोखे, एक लोडेड बंदूक और खून के निशान बरामद किए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जंगल के आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।
चौपारण होटल फायरिंग में भी शामिल था घायल आनंद!
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के अपराधी इलाके में बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसी आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने के दौरान फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें आनंद कुमार नामक अपराधी के पैर में गोली लगी है।
एसडीपीओ के अनुसार, घायल अपराधी ने पूछताछ में बताया है कि वह बीते दिनों चौपारण के एक होटल में हुई फायरिंग की घटना में राहुल उर्फ रॉकी के साथ शामिल था।वहीं,आम्रपाली कोल परियोजना में कोयला परिवहन का कार्य कर रही ABS कंपनी के कार्यालय पर भी गोलीबारी कर दहशत फैलाने में शामिल था।पुलिस अब उससे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दो दिन में दो शूटरों को गोली, राहुल दुबे गैंग पर बढ़ा पुलिस का दबाव
गौरतलब है कि हजारीबाग में दो दिन पहले राहुल उर्फ रॉकी का हाफ एनकाउंटर हुआ था। अब चतरा के टंडवा में आनंद कुमार पुलिस की गोली से घायल हो गया। यानी महज दो दिनों के भीतर राहुल दुबे गैंग से जुड़े दो कथित शूटर पुलिस की गोली का निशाना बने हैं।
वहीं, पिछले तीन महीने के भीतर राहुल दुबे गैंग के कथित शूटरों के साथ चतरा पुलिस की यह दूसरी मुठभेड़ बताई जा रही है। इससे पहले अगस्त महीने में बसरिया जंगल में भी पुलिस ने एक अपराधी को गोली मारी थी।
लगातार आपराधिक वारदातों और कोयलांचल क्षेत्र में गैंग की गतिविधियों के बीच पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों पर दबाव बढ़ा है। फिलहाल पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है और फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है।

