हजारीबाग: शादी समारोह में विवाद के बाद चली गोली, बिट्टू की मौत, एक घायल; CCTV फुटेज से खुला वारदात का राज

 

पहले दोनों पक्षों ने आरोपियों को पहचानने से किया था इनकार, CCTV खंगालने पर सामने आया मामला; एसपी अमन कुमार बोले- गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

हजारीबाग। हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र स्थित उपकार होटल में शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी और युवक की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। शुरुआती पूछताछ में शादी समारोह में शामिल दोनों पक्षों ने आरोपियों को पहचानने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद घटना से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू की मौत हो गई, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे जिला परिषद चौक से आगे डीवीसी स्थित उपकार होटल में हुई थी। उस समय होटल में शादी समारोह चल रहा था। बारात का द्वार लगने के तुरंत बाद किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चल गई। गोली लगने से हुरहुरू के बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पहले आरोपियों को पहचानने से किया इनकार, CCTV से सामने आया मामला

घटना के बाद पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की। शुरुआती दौर में दोनों पक्षों ने आरोपियों को पहचानने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को घटना से संबंधित अहम सुराग मिले। इसके आधार पर अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

अवैध या लाइसेंसी हथियार, इसकी जांच जारी

हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि आपस में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। गोली अवैध हथियार से चलाई गई या लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी में लड़की पक्ष हजारीबाग के बाबा पथ, हुरहुरू और लड़का पक्ष चतरा जिले के सिमरिया का रहने वाला बताया गया है। समारोह में हुई गोलीबारी के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। अर्णव की मौत से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। वहीं, होटल में मौजूद लोग भी इस घटना से सहमे हुए हैं।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और गोली चलाने में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया।

error: Content is protected !!