गिरिडीह:दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैतों का तांडव…5 अपराधियों ने लूटे करोड़ों के जेवरात और कैश, पुलिस के पीछा करते ही बाइक छोड़कर भागे

 

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले में गुरुवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। धनवार बाजार स्थित चमड़ा गोदाम के पास यूको बैंक में बाइक सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। हथियारों के बल पर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर अपराधियों ने लाखों रुपये नकद और लॉकर में रखे करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद सभी अपराधी फरार हो गए।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, अपराधी बैंक से करीब 10 से 12 लाख रुपये नकद, दो ग्राहकों से भी नकदी और लॉकर में रखे लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात लूटकर ले गए हैं। हालांकि, लूटे गए कैश और जेवरात की वास्तविक मात्रा एवं कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो पाया है।

दोपहर करीब दो बजे बैंक में घुसे पांच अपराधी

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे दो बाइक पर सवार होकर पांच अपराधी यूको बैंक पहुंचे। अपराधियों में दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि अन्य ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। बैंक में प्रवेश करते ही सभी ने हथियार निकाल लिए और कर्मचारियों एवं वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। हथियारों के बल पर सभी को भयभीत कर एक जगह रहने को मजबूर कर दिया।

इसके बाद अपराधियों ने बैंक में रखी नकदी के साथ लॉकर में जमा जेवरात को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान बैंक में मौजूद दो ग्राहकों से भी नकदी लूटने की बात सामने आई है। कुछ ही देर में करोड़ों की संपत्ति समेटकर अपराधी बैंक से बाहर निकले और बाइक से फरार हो गए।

पुलिस ने किया पीछा, बाइक छोड़ जंगल की ओर भागे अपराधी

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। अपराधियों के भागने की दिशा में दूसरे थाना क्षेत्र की पुलिस ने भी उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि पुलिस को पीछा करते देख एक बाइक सवार अपराधी अपनी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने मौके से एक बाइक बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, बैंक डकैती में लाल-काले रंग की पल्सर और सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया है। दोनों बाइक पर सवार होकर कुल पांच अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था। बरामद बाइक के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम यूको बैंक पहुंची और बैंक कर्मचारियों एवं ग्राहकों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। बैंक में हुई इतनी बड़ी डकैती के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान, भागने के रास्ते और लूटे गए सामान का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े बैंक में हथियारों के बल पर करोड़ों की लूट और पुलिस के पीछा करने पर अपराधियों के बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

error: Content is protected !!