राँची के तुपुदाना से 80 लाख की शराब लेकर गायब ट्रक चौपारण में मिला, अंदर चालक का शव बरामद; 1100 पेटी शराब गायब होने से सनसनी..
राँची/हजारीबाग।राँची के तुपुदाना स्थित शराब फैक्ट्री से करीब 80 लाख रुपये की विदेशी शराब लेकर गायब हुआ ट्रक आखिरकार हजारीबाग जिले के चौपारण इलाके में बरामद कर लिया गया है। गुरुवार रात मिले इस ट्रक के अंदर चालक का शव बरामद होने की सूचना है, जबकि ट्रक में लदी शराब की 1100 पेटियां गायब हैं। इस खुलासे के बाद शराब परिवहन से जुड़े पूरे मामले ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। ट्रक की बरामदगी की पुष्टि तुपुदाना ओपी प्रभारी ने की है।
मामला अब केवल शराब लदे ट्रक के गायब होने का नहीं रह गया है। करीब 80 लाख रुपये की शराब के गायब होने के साथ ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर 1100 पेटी शराब कहां गई,चालक की मौत कैसे हुई,क्या शराब गायब करने के लिए पूरी वारदात को अंजाम दिया गया था। इन सवालों का जवाब अब पुलिस की जांच में सामने आएगा।आशंका जताया जा रहा है कि अपराधियों ने ट्रक से शराब गायब कर चालक की हत्या कर शव ट्रक के अंदर रखकर फरार हो गया।राँची और हजारीबाग पुलिस जांच में जुटी है।
29 अक्टूबर को लोड हुई थी 1100 पेटी विदेशी शराब
जानकारी के अनुसार, तुपुदाना स्थित अजंता बॉटलर्स एंड ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड परिसर में 29 अक्टूबर 2026 को ट्रक संख्या JH01CA-8807 को शराब लोड करने के लिए बुलाया गया था। ट्रक में रॉयल चैलेंज फाइनस्ट प्रीमियम व्हिस्की की 750 पेटियां और मैकडॉवेल्स नंबर-1 लग्जरी ब्लेंडेड व्हिस्की की 350 पेटियां लोड की गई थीं। कुल 1100 पेटियों की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। शराब बोकारो स्थित जेएसबीसीएल भेजी जानी थी।रात करीब 10:45 बजे तक शराब की लोडिंग पूरी हो गई थी। हालांकि, विभागीय पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण परिवहन का ऑनलाइन परमिट जनरेट नहीं हो सका। इसके बाद ट्रक को फैक्ट्री के बाहर खड़ा कर चालक को आगे के आदेश का इंतजार करने को कहा गया था।
अगले दिन ट्रक गायब, मोबाइल भी मिला था बंद
30 अक्टूबर को कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम करीब 4:45 बजे ट्रक को बोकारो रवाना करने का संदेश दिया गया। लेकिन जब ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि ने निर्धारित स्थान पर जाकर देखा तो ट्रक गायब था। चालक नागेंद्र सिंह के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन लगातार बंद मिला।इसके बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी ने ट्रक और चालक की तलाश शुरू की। मामले में ट्रांसपोर्टर ने ट्रक मालिक और चालक की भूमिका पर संदेह जताते हुए तुपुदाना ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी।
चालक की पत्नी ने भी दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत
इस मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया था। ट्रक चालक नागेंद्र सिंह की पत्नी अंबिका देवी ने भी तुपुदाना ओपी में आवेदन देकर पति के लापता होने की शिकायत की थी। पत्नी के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे पति से उनकी बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि ट्रक शराब लोड कराने के लिए फैक्ट्री के बाहर खड़ा है। इसके बाद 30 अक्टूबर से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।एक तरफ ट्रांसपोर्टर शराब लदे ट्रक के गायब होने को लेकर संदेह जता रहा था, तो दूसरी तरफ चालक की पत्नी पति के लापता होने की शिकायत कर रही थी।
चौपारण में ट्रक मिला, लेकिन शराब गायब और चालक की मौत
अब गुरुवार रात हजारीबाग जिले के चौपारण इलाके में ट्रक मिलने और उसके अंदर चालक का शव बरामद होने की सूचना से मामले में नया मोड़ आ गया है। ट्रक से पूरी शराब गायब है। जिस चालक की तलाश ट्रांसपोर्ट कंपनी और परिजन कर रहे थे, उसकी मौत की खबर सामने आई है।
फिलहाल चालक की मौत के कारणों और शराब गायब होने के पीछे की साजिश को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि चालक की हत्या की गई या उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही 1100 पेटी शराब आखिर कहां खपाई गई, यह भी जांच का अहम हिस्सा होगा।
80 लाख की शराब का रहस्य और चालक की मौत बनी पहेली
31 अक्टूबर को तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच एसआई शशिकांत कुमार को सौंपी गई थी। अब चौपारण में ट्रक बरामद होने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस के सामने शराब की बरामदगी, चालक की मौत की वजह और ट्रक के फैक्ट्री से निकलने के बाद उसके पूरे रास्ते का पता लगाने की चुनौती है।
करीब 80 लाख रुपये की विदेशी शराब से लदा ट्रक गायब होने और फिर चालक के शव के साथ मिलने की इस घटना ने शराब परिवहन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है।

