​दुमका:सड़क के बीचोबीच मिला युवक का अधजला शव, इलाके में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

दुमका।झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के जरमुंडी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जरमुंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोगली गांव के समीप नेशनल हाईवे (NH-114A) पर रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हाईवे के किनारे क्षत-विक्षत और अधजली हालत में लाश को देखकर स्थानीय लोगों के होश उड़ गए।

​मिली जानकारी के अनुसार, राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने बोगली गांव के पास नए हाईवे पर एक युवक का अधजला शव पड़ा हुआ देखा। शव को इस हालत में देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत जरमुंडी थाना पुलिस को दी।

​जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही जरमुंडी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस निरीक्षक दयानंद साह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले शव को अपने कब्जे में लिया और इसके बाद घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया।


​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को हाईवे किनारे लाकर आग के हवाले किया गया है।​पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक ने कहा कि मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों और जिलों से भी संपर्क साधा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन तफ्तीश के बाद ही मौत की असली वजहों का सटीक खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस आपसी रंजिश,ऑनर किलिंग और लूटपाट सहित सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

error: Content is protected !!