घूमने गए थे, लौट न सके: पतरातू डैम में छात्र की मौत, गेतलसूद डैम में भी युवक डूबा…

राँची/रामगढ़। रविवार को झारखण्ड के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हुए अलग-अलग हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रामगढ़ जिले के पतरातू डैम में नहाने के दौरान एक छात्र की डूबने से मौत हो गई, जबकि राँची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित गेतलसूद डैम में एक युवक गहरे पानी में डूब गया। समाचार लिखे जाने तक उसकी तलाश जारी थी।
पतरातू डैम में हुई घटना में 22 वर्षीय अश्विनी कुमार की जान चली गई। गिरिडीह निवासी अश्विनी राँची में रहकर पढ़ाई करता था। वह अपने दोस्तों संदीप कुमार, शहबाज और आदिति के साथ कांटाटोली से पतरातू डैम घूमने आया था। चारों कटूआ कोचा स्थित नाव घाट पहुंचे और डैम में नहाने उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी की ओर चले गए, जिससे तीन युवक डूबने लगे।
मौके पर मौजूद नाविकों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि अश्विनी पानी में लापता हो गया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और प्रखंड चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई।इस हादसे में नाविकों की तत्परता से दो युवकों की जान बच गई। बचाव अभियान में तारीक अंसारी, नौशाद अंसारी, नाजीर खान, निसार अंसारी, सुल्तान आलम, मुनाजिर खान, आजम अंसारी, आलम अंसारी, परवेज आलम, राजा खान, अबरार आलम, जाकिर अंसारी और साजिद अंसारी ने साहस का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इधर,राँची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित गेतलसूद डैम में भी रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ। बरियातू निवासी एक युवक गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि लापता युवक कानून (एलएलबी) का छात्र है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा युवक की तलाश शुरू की गई। समाचार लिखे जाने तक खोज अभियान जारी था।
एक ही दिन झारखण्ड के दो प्रमुख डैमों में हुए इन हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरसात के मौसम में डैमों का जलस्तर बढ़ने और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण ऐसे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डैम और जलाशयों में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।

