हार्ट अटैक के बाद जेल आईजी सुदर्शन मंडल आईसीयू में भर्ती, पुलिस महकमे में बढ़ी चिंता

राँची।झारखण्ड के जेल आईजी और 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुदर्शन मंडल की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल कोकर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सुदर्शन मंडल को दिल का दौरा पड़ने की आशंका के बीच भर्ती किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल आवश्यक कार्डिएक जांच और उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन और पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
जेल आईजी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सहयोगी और शुभचिंतक सैमफोर्ड अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
सुदर्शन मंडल 2006 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं और अपनी सख्त कार्यशैली तथा कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे झारखण्ड के जेल आईजी के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले भी वे राज्य के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।फिलहाल सभी की निगाहें उनके स्वास्थ्य पर बनी हुई हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

