राँची के धुर्वा में सड़क पर हो रहे झगड़े को छुड़ाने गए ट्रैफिक एएसआई से बदसलूकी, सरकारी लाइट तोड़ी; प्राथमिकी दर्ज

 

राँची।राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित शालीमार बाजार के पास सड़क पर हो रहे विवाद को शांत कराने और जाम हटवाने गए एक ट्रैफिक एएसआई के साथ बदसलूकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ट्रैफिक पोस्ट शहीद मैदान (धुर्वा) में पदस्थापित एएसआई हीरा नंद मिश्रा के लिखित आवेदन पर धुर्वा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की पहचान कुसई कॉलोनी निवासी राहुल क्षेत्री के रूप में हुई है।

सड़क पर धक्का-मुक्की देख बीच-बचाव करने पहुंची थी पुलिस:
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच की है। एएसआई हीरा नंद मिश्रा अपने सहयोगी आरक्षी रामाशंकर पाण्डेय, सुमित्रा कुमारी और होमगार्ड के जवानों (केलेन्द्र केरकेट्टा व भीमा मुर्मू) के साथ शहीद मैदान ट्रैफिक पोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आम लोगों ने सूचना दी कि शालीमार बाजार की ओर सड़क किनारे दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही एएसआई बीच-बचाव करने और सड़क से जाम हटाने के लिए खुद मौके पर पहुंचे।

बैरल लाइट छीनी, नाम पूछने पर की बदसलूकी:
ASI ने अपने आवेदन में बताया है कि मौके पर करीब 20-25 लोगों की भीड़ जुटी थी, जिसमें से 3-4 अज्ञात लोग आपस में गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर रहे थे। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी उल्टे पुलिस पर ही उलझ गए।इस दौरान उपद्रवियों ने एएसआई के हाथ से सरकारी ‘बैरल लाइट’ (यातायात नियंत्रण के लिए इस्तेमाल होने वाली लाइट) छीन ली और उसे जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। जब एएसआई ने दुर्व्यवहार कर रहे एक युवक से उसका नाम-पता पूछा, तो उसने अपना नाम राहुल क्षेत्री, निवासी कुसई कॉलोनी बताया।

सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप:
किसी तरह मामले को शांत कराने के बाद पीड़ित एएसआई हीरा नंद मिश्रा ने धुर्वा थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोपी राहुल क्षेत्री के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

error: Content is protected !!