राँची पुलिस का ऑपरेशन प्रहार-3: 115 से अधिक वारंट निष्पादित, 10-10 साल से फरार अपराधियों पर शिकंजा, 4 गिरफ्तार

राँची।राजधानी में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ राँची पुलिस ने शनिवार देर रात बड़े स्तर पर “ऑपरेशन प्रहार-3” चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान का मुख्य फोकस एनआई एक्ट (NI Act) के लंबित वारंट, 5 से 10 वर्ष पुराने मामलों के फरार वारंटी और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे आरोपियों पर था। अभियान के दौरान 4 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 115 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।
राँची पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन प्रहार’ अपराध नियंत्रण, वारंट निष्पादन और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार की गई विशेष रणनीति का हिस्सा है। इसे समय-समय पर विशेष टास्किंग के तहत देर रात तक चलाया जाता है, ताकि लंबे समय से फरार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।
ऑपरेशन प्रहार के तीसरे चरण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश दी। इस दौरान कई ऐसे आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े, जो वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। राँची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, फरार वारंटियों और संगठित अपराध के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

