जामताड़ा:लापता महिला का सिर कटा शव बरामद,बेटों ने ग्रामीणों पर डायन होने के शक में हत्या करने का आरोप लगाया

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में लापता महिला का सिर कटा शव मिला है।बताया जाता है कि बेटी के घर रात में सोने के लिए निकली लापता महिला का सिर कटा शव चालना गांव के समीप बराकर नदी किनारे से बरामद किया गया। मृतका की पहचान 55 वर्षीया सुखोदी हेंब्रम के रूप में हुई है।महिला धोबना गांव के करमा डंगालपाड़ा टोला की रहनेवाली थी। मृतका के तीन बेटों ने ग्रामीणों पर डायन होने के शक में हत्या का आरोप लगाया है। तीनों के नाम श्रवण बास्की, बलदेव बास्की व बद्रीनाथ बास्की है।डायन होने के शक में कुछ महीने पूर्व ग्रामीणों ने महिला के साथ मारपीट की थी। गांव में पंचायती के बाद मामला शांत हुआ था।

बताया जा रहा है कि 29 जून की रात महिला अपने घर से बेटी के घर सोने के लिए निकली। इसके बाद वापस नहीं लौटी।महिला की बेटी का घर धोबना गांव के ही निकट राशिडीह में है।महिला का दामाद सदर अस्पताल में भर्ती है। इस वजह से मृतका बेटी के घर रात में सोने जाया करती थी। 4 जुलाई को बराकर नदी मछली पकड़ने गए कुछ बच्चों ने शव देखा।शोर मचाने पर ग्रामीण आए।ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। 4 जुलाई की देर रात जामताड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव बरामद कर थाना ले आई।

इस मामले में थाना प्रभारी अब्दुल रहमान ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।