#khunti भाकपा माओवादी दस्ते का तीन सक्रिय सदस्य गिरफ्तार..

खूँटी:खूंटी पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापामारी अभियान चलाकर गुरुवार को भाकपा माओवादी दस्ते के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार की। गिरफ्तार तीनों माओवादी पांच लाख के इनामी सबजोनल कमेटी सदस्य बोयदा पाहन दस्ते के सक्रिय सदस्य हैं।

गिरफ्तार माओवादियों में सायको थानांतर्गत डाउडीह गांव के बिरसा मुंडा, मारंगहादा थानांतर्गत बड़ा सरले गांव के मझिया मुंडा उर्फ संजय मुंडा तथा सिरूम अम्बाटोली गांव के जदोराय स्वांसी शमिल हैं। इनके पास से एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, चुनाव बहिष्कार से संबंधित भाकपा माओवादी का बैनर व पोस्टर बरामद किया गया।

एसपी आशुतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बिरसा मुंडा ने कई हत्याओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गत 18 अक्टूबर को सायको थानांतर्गत आड़ा गांव में भाजपा नेता शीतल मुंडा व उनकी पत्नी की निर्मम हत्या में भी बिरसा मुंडा का हाथ था। इसके अतिरिक्त 23 अगस्त को सायको बाजार में सुखराम सोय की हत्या, खूंटी थानांतर्गत पोसिया बाजार में शंकर मुंडा की हत्या तथा खूंटी थानांतर्गत जिकीलता गांव में हॉकी मैच के दौरान अनुरंजन समद नामक युवक की हत्या में भी बिरसा मुंडा व मझिया मुंडा शामिल थे।