रामगढ़ पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़: कुख्यात अपराधी शिवा का हाफ एनकाउंटर,भारी मात्रा कारतूस और हथियार बरामद..

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। राँची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रिंस खान गैंग से जुड़े शातिर अपराधी शिवराज उर्फ शिवा डोम को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी का इलाज सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में चल रहा है।
गुप्त सूचना बनी ऑपरेशन की कुंजी
पुलिस को इनपुट मिला था कि भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सयाल निवासी शिवराज किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही तीन जिलों की पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे दबोच लिया।
हथियार बरामदगी के दौरान चला दी गोली
पूछताछ में शिवराज ने दो अवैध पिस्टल छिपाकर रखने की बात कबूल की। सोमवार सुबह करीब 4:40 बजे पुलिस उसकी निशानदेही पर BTTI केंद्रीय विद्यालय रिवरसाइड के पास हथियार बरामद करने पहुंची। एक पिस्टल बरामद कराने के बाद उसने अचानक दूसरी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर ही धराशायी हो गया।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
मौके से पुलिस ने:
एक 9 एमएम पिस्टल
एक 7.65 एमएम पिस्टल
करीब 60 जिंदा कारतूस
अन्य आपराधिक सामान बरामद किया है।
तीन बड़े गैंग से जुड़े मिले तार
पुलिस के अनुसार शिवराज पहले कुख्यात अमन श्रीवास्तव गैंग और बाद में राहुल दुबे गैंग के लिए काम कर चुका है। हालिया खुफिया जानकारी के मुताबिक वह प्रिंस खान गैंग के संपर्क में था और कोयलांचल या राजधानी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहा था।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस ऑपरेशन को झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

