दुमका: नाबालिग से गैंगरेप के पांचों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

दुमका।दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले सभी पांच आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में दुमका जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवाकोल गांव निवासी पानेश्वर सोरेन (22 वर्ष), पंकज टुडू (21 वर्ष), पियूष टुडू (20 वर्ष) तथा धुनावसा गांव के मनोज हेंब्रम (21 वर्ष) और सोनेलाल हेंब्रम (19 वर्ष) को उनके घरों से धर-दबोचा।
यह खौफनाक वारदात बीती 27 जून की रात को हुई थी। पीड़िता अपनी दादी के साथ गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। रात करीब दस बजे उसकी दादी तो घर वापस लौट आईं, लेकिन नाबालिग शादी वाले घर में ही रुकी रही। आधी रात करीब बारह बजे जब वह अकेले अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में सुनसान जगह पर इन पांचों आरोपियों ने उसे गलत नीयत से दबोच लिया।
मासूम ने खुद को बचाने के लिए बहादुरी से मुकाबला किया और विरोध जताते हुए एक आरोपी की उंगली पर दांत से काट लिया। इससे बौखलाए आरोपियों ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे जबरन खींचकर गांव के बाहर एक नाले के पास ले गए, जहां सभी ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें अब पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

