गाली-गलौज के विरोध पर भड़का आरोपी,थार गाड़ी से पिस्टल निकालकर झोंक दी गोली;घायल का रिम्स में चल रहा इलाज
राँची।राँची के कांके थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक पर गोली चला दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, चामा नगड़ी निवासी अरुण टोप्पो उर्फ राकेश टोप्पो (उम्र 33 वर्ष) ने कांके थाना में दिए आवेदन में बताया कि 11 अप्रैल को करीब शाम 4 बजे वह आंगनबाड़ी सड़क टोली (नगड़ी) के पास से गुजर रहे थे। उसी दौरान नगड़ी निवासी अमृत टोप्पो (पिता- स्व. निकोलसन टोप्पो) ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अरुण टोप्पो ने इसका विरोध किया, तो आरोपी अमृत टोप्पो ने अपनी काले रंग की थार गाड़ी से पिस्टल निकालकर जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली सीधे अरुण टोप्पो के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत उठाकर कांके थाना ले गए। वहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए रिम्स भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित के बयान के आधार पर कांके थाना में आरोपी अमृत टोप्पो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

