डोरंडा में अवैध बूचड़खानों पर राँची पुलिस का बड़ा एक्शन, 85 गोवंश बरामद….भारी मात्रा में चमड़ा-हड्डियां मिलीं
राँची। राजधानी राँची में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डोरंडा थाना क्षेत्र की रहमत कॉलोनी के इलाके नदी साइड में बड़े पैमाने पर चल रहे कथित अवैध बूचड़खानों की सूचना पर पुलिस की कई टीमों ने एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 80-85 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। मौके से दो से तीन ट्रक के बराबर चमड़ा और भारी मात्रा में गोवंशीय हड्डियां भी मिला हैं।

बताया जा रहा है कि राजधानी में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ इसे अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इलाके में संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ अभियान चलाया।

SSP के निर्देश पर कई थानों की पुलिस पहुंची
पुलिस को सूचना मिली थी कि डोरंडा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बूचड़खाने संचालित किए जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए राँची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कार्रवाई की गई।सिटी एसपी के निर्देशन में हटिया डीएसपी के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस टीम डोरंडा के अवैध बूचड़खाने पर पहुंची और एक साथ छापेमारी शुरू की। पुलिस बल की संख्या अधिक रखी गई, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
छापेमारी में 80-85 पशु बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 80 से 85 पशु बरामद किए गए। इनमें गाय और बैल समेत गोवंशीय पशु शामिल बताए जा रहे हैं। सभी बरामद पशुओं को फिलहाल सेठ सीताराम स्कूल मैदान में रखा गया है।हालाँकि रात होने और भारी बारिश कारण पूरा जानवरों की गिनती नहीं हो पाई है। 100 से ज्यादा पशुओं की बरामदगी होने की सम्भावना है।इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में पशुओं का चमड़ा और गोवंशीय हड्डियां बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार चमड़े की मात्रा इतनी अधिक है कि वह करीब दो से तीन ट्रकों के बराबर बताई जा रही है।वहीं ,पुलिस की आने की सूचना मिलते ही अवैध कसाईखाना संचालित करने वाले सभी लोग फरार हो गया है।कुछ लोगों को हिरासत में लेने की सूचना है।

बारिश और अंधेरे के कारण कार्रवाई रोकी गई
सुनसान इलाके में अवैध बूचड़खाने में देर शाम तक पुलिस की कार्रवाई जारी रही। लेकिन अंधेरा होने और तेज बारिश के कारण अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को दोबारा मौके पर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की टीम संभावित रूप से छूटे अन्य स्थानों की भी जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य आपत्तिजनक सामान को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पहली बार इतने बड़े स्तर पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बूचड़खाने संचालित होने की सूचना मिली थी। एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन और हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विभिन्न पुलिस टीमों को मौके पर भेजा गया।पुलिस को इस इलाके में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। छापेमारी के दौरान कई स्थानों को चिन्हित किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस ने बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है और मौके से मिले चमड़े व हड्डियों समेत अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। अंधेरा और बारिश के कारण अभियान रोक दिए जाने के बाद अब गुरुवार को दोबारा बड़े स्तर पर छापेमारी और जांच की तैयारी है।
इस कार्रवाई के बाद डोरंडा इलाके में अवैध बूचड़खानों को लेकर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। अब पुलिस की अगली कार्रवाई में यह स्पष्ट होगा कि मौके से और क्या-क्या बरामद होता है और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में हटिया डीएसपी,डोरंडा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह,धुर्वा,जगरनाथपुर और अरगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या पुलिस जवान शामिल थे।

