Ranchi:बारिश में अनियंत्रित होकर नाले में गिरी कार, घायल चालक को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला
राँची।राजधानी राँची में बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच हिंदपीढ़ी-कडरू मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान एक ओमनी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर स्थिति खराब थी। इसी दौरान कार अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे बने बड़े नाले में जा गिरी। वाहन के नाले में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाला।हादसे की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें कार नाले में बुरी तरह फंसी हुई नजर आ रही है। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खुले पड़े नाले को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि नाले के आसपास न पर्याप्त बैरिकेडिंग है और न ही सुरक्षा के लिए रेलिंग। बारिश के दौरान पानी भर जाने से सड़क और नाले के बीच का अंतर भी साफ दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खुले नाले के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। खासकर बारिश के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतने की जरूरत है।फिलहाल हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही और कार को नाले से बाहर निकालने की कोशिश की गई।

