पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश, मोड़ पर पलटी मवेशियों से लदी बोलेरो; 2 की मौत, 3 बैलों ने भी तोड़ा दम

 

जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात मवेशियों से लदी बोलेरो पुलिस गश्ती दल को देखकर भागने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गई। करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शकलपुर-शहरजोरी के समीप करीब ढाई बजे तेज रफ्तार बोलेरो (जेएच-15जी-1899) घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में लदे पांच मवेशियों में से तीन बैलों ने भी दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांकुडीह पंचायत अंतर्गत चिरुडीह निवासी अशरफ अंसारी (35) और रफीक अंसारी (40) के रूप में हुई है।

गश्ती दल को देखते ही बढ़ाई रफ्तार, कच्ची मिट्टी में फिसला वाहन

पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे पुलिस गश्ती दल इलाके में भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान मवेशियों से लदी बोलेरो पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखते ही वाहन सवारों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान शकलपुर-शहरजोरी के पास घुमावदार मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्ची मिट्टी में फिसल गई और पलट गई।हादसा इतना जोरदार था कि वाहन में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

बोलेरो में बंधे मिले पांच मवेशी, तीन की मौत

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से दोनों शवों और मवेशियों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक वाहन में पांच मवेशी बुरी तरह बांधकर लादे गए थे। इनमें तीन बैलों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

चार बैलों की चोरी से जुड़ रहे तार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेडिया गांव निवासी निमाई महतो और पांचू महतो के दो-दो बैल चोरी हुए थे। बरामद चार बैलों को ग्रामीणों ने पहचान कर अपना बताया है। वहीं, बोलेरो से बरामद एक अन्य गाय की पहचान अभी नहीं हो सकी है।थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मवेशियों को चोरी कर ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!